राज की रिपोर्ट ( 9334160742 ) – चंडी थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में पीट-पीटकर एक महिला की हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। जमीनी विवाद में बुधवार की शाम लाठी-डंडे व रॉड से मंजू देवी से मारपीट की गयी। उन्हें इलाज के लिए बिहारशरीफ निजी अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान मौत हो गयी। पति हीरा प्रसाद ने जदयू नेता समेत 3 के खिलाफ एफआईआर करायी है। पुलिस ने जदयू नेता सुखदेव प्रसाद समेत 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजन के हवाले कर दिया है।
अकेली पाकर महिला की पिटाई:-
प्राथमिकी के अनुसार हीरा शाम को मिल बंद कर घर लौटे। घर में उनकी पत्नी जख्मी हालत में कराह रही थी। उनका हाथ व पैर टूटा हुआ था। पूछने पर बताया कि महेशपुर गांव निवासी सुखदेव के साथ बालेश्वर गोप उर्फ शैलेश गोप और युगेश्वर गोप ने उनके साथ मारपीट की है। बालेश्वर व युगेश्वर हीरा के सहोदर भाई हैं। पड़ोसी की सहायता से महिला को इलाज के लिए बिहारशरीफ ले गये। वहां उनकी मौत हो गयी। प्राथमिकी में आरोपितों के खिलाफ मकान दखल करने की साजिश रचने व पूर्व में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
विवाद का केन्द्र है मकान:-
लोगों की माने तो विवाद का जड़ एक मकान है। हीरा के पिता बुंदेला गोप ने लोन पर ट्रैक्टर लिया था। लोन की रकम बाकी रहने के कारण वर्ष 2005 में उन्हें जेल की हवा खानी पड़ी थी। उस समय सुखदेव ने रकम चुकता कर उन्हें छुड़ाया था। इसकी एवज में बुंदेला ने लालगंज गांव में थोड़ी सी जमीन पर बना मकान सुखदेव की पत्नी के नाम लिख दिया था। तभी से हीरा व सुखदेव के बीच मकान को लेकर विवाद चल रहा है। हाल में पंचायती हुई थी, इसमें 25 जून को मकान खाली करने की सीमा निर्धारित की गयी थी।
क्या बोले थानेदार :-
थानाध्यक्ष चंचल कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गयी है। 2 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *