दीपक विश्वकर्मा ,,,नगर पालिका आम निर्वाचन 2022 के अवसर पर बुधवार को द्वितीय चरण में जिला के 6 नगर निकायों में मतदान संपन्न हुआ।

द्वितीय चरण के सभी नगर निकायों के सभी पदों के लिए मतगणना का कार्य शुक्रवार को यानी आज कड़ी सुरक्षा के बीच नालंदा कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर अलग-अलग मतगणना कक्ष में किया जाएगा।
सभी नगर निकायों में मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद एवं वार्ड पार्षद के पदों के लिए अलग-अलग मतगणना की जाएगी।


नगर पंचायत सरमेरा, अस्थावां, रहुई, परवलपुर एवं पावापुरी के मतगणना कक्ष में प्रत्येक पद के लिए पांच-पांच अलग-अलग टेबल (प्रत्येक नगर निकाय के लिए कुल 15 टेबल) पर मतगणना की जायेगी।
नगर निगम बिहारशरीफ के लिए प्रत्येक पद के लिए तीन-तीन अलग-अलग मतगणना कक्ष (कुल 9 मतगणना कक्ष) बनाये गए हैं। मुख्य पार्षद(मेयर) एवं उप मुख्य पार्षद (उप मेयर) के लिए प्रत्येक मतगणना कक्ष में दस-दस टेबल(प्रत्येक पद के लिए तीस टेबल) तथा वार्ड पार्षद की मतगणना के लिए प्रत्येक मतगणना कक्ष में 14 टेबल (कुल 42 टेबल) पर मतगणना का कार्य किया जाएगा।


प्रत्येक मतगणना टेबल पर तीन-तीन पदाधिकारी/कर्मी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सहायक, एक मतगणना माइक्रो ऑब्जर्वर एवं एक मतगणना पर्यवेक्षक प्रतिनियुक्त रहेंगे।
सभी मतगणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। इसके साथ ही मतगणना की सतत वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।


मतगणना कार्य में आधुनिक टेक्नोलॉजी का भी प्रयोग किया जा रहा है। ऑप्टिकल कैरक्टर रिकॉग्निशन सिस्टम (ओसीआर) के माध्यम से भी ईवीएम में दर्ज मतों की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
मतगणना केंद्र परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *