राज की रिपोर्ट ( 9334160742 ) – जिले में इन दिनों बदमाश आए दिन लाशें गिरा रहे हैं। हालांकि पुलिस कार्रवाई कर बदमाशों को सलाखों के पीछे भी पहुँचा रही है | शनिवार की रात हरनौत के तेलमर ओपी क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव में बदमाशों ने छत पर खड़ी बुजुर्ग महिला की गोली मार कर हत्या कर दी। डीजे पर डांस करने के विवाद में दो गुटों में अंधाधुंध फायरिंग हो रही थी। उसी दौरान महिला को गोलियों का छर्रा लगा। जिससे उनकी मौत हुई। हत्या के बाद गांव में तनाव फैल गया। मृतका विशेश्वर प्रसाद की पत्नी शकुन्तला देवी हैं। गोलीबारी  की सूचना पाकर ओपी प्रभारी जितेंद्र कुमार दलबल के साथ गांव पहुंच गए। हालांकि, पुलिस के आने की भनक पाकर सभी बदमाश फरार हो गए। मृतक के पुत्र ने गांव के चार बदमाशों पर हत्या का आरोप लगाया है।  पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।
डांस के विवाद में पकड़ा तूल, होने लगी फायरिंग 
मृतका के परिजनों की मानें तो पटना जिला के खुसरूपुर प्रखंड के सैदन गांव में डांस पार्टी चल रही थी। युवा डीजे की धुन पर थिरक रहे थे। सैदनपुर और मुस्तफापुर गांव के बीच करीब 200 गज की दूरी है। डांस के दौरान नशे में धुत कुछ युवाओं का आपस में विवाद हो गया। जिसके बाद मारपीट होने लगी। कुछ ही देर में मामला तूल पकड़ लिया। दोनों पक्ष के लोग हरबे हथियार से लैस होकर फायरिंग करने लगें। जिससे भगदड़ मच गई। झगड़ा कर रहे कुछ युवा मुस्तफापुर गांव के थे। जो अपने गांव से फायरिंग कर रहे थे। बुजुर्ग महिला घर की छत पर खड़ी हो झगड़ा देख रही थी। उसी दौरान गोलियों के छर्रे से महिला छलनी हो गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद दोनों पक्ष के बदमाश अंडरग्राउंड हो गए।
क्या बोले थानाध्यक्ष –
ओपी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि हत्या का आरोप शिव कुमार भगत व उसके तीन पुत्रों पर लगा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी में जुटी है। प्रारंभिक जांच से प्रतीत होता है कि डीजे पर डांस के दौरान हुए विवाद में फायरिंग हुई। जिसकी चपेट में आकर महिला की मौत हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *